क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


आरोपी चालक वाहन छोड़कर भागा, भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में बुधवार-गुरुवार की देर रात गिट्टी से भरे डंपर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बीएससी के एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जहॉ छात्र को घातक चोटें आई थी, वहीं आरोपी चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। मौके से गुजर रहे अन्य लोगो की मदद से छात्र को इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल पहुंचा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी, अस्पताल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये मर्चुरी में रखवा दिया। बाद में उसकी शिनाख्त कर परिवार वालो को हादसे की सूचना दी गई, गुरुवार सुबह परिजनों की मोजूदगी में शव को पीएम के बाद उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मौके से डंपर को जप्त कर थाने में खड़ा कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार भोपाल मेमोरियल अस्पताल परिसर में परिवार सहित रहने वाले तोनाराम मुंडा बीएमएचआरसी के कर्मचारी हैं। उनका 21 वर्षीय बेटा सूजल मुंडा निजी कॉलेज से बीएससी फॉरेंसिक से फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था। सूजल परिवार का इकलौता बेटा था, उसके अलावा उसकी एक बहन है। बुधवार देर रात वह अयोध्या नगर से दोस्त के घर से खाना खाकर वापस लौट रहा था। रात करीब 12:15 बजे भानपुर ब्रिज पर उसे पीछे से आये तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, एक्सीडेंट के बाद आरोपी चालक मौके पर ही डंपर को छोड़कर फरार हो गया। वहॉ से गुजर रहे लोगो ने एम्बुलेंस की मदद से युवक को इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी। हादसे के समय युवक ने कॉलेज ड्रेस पहना हुआ था। जिसके आधार पर गुरुवार की सुबह पुलिस टीम ने कॉलेज में संपर्क किया जिसके बाद मृतक छात्र की पहचान की जा सकी। कार्यवाही करते हुए पुलिस ने डंपर को जप्त कर आरोपी चालक की जानकारी जुटाने के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 5 फरवरी