- सीमांकन के बाद हटेंगे तालाब के अतिक्रमण जबलपुर (ईएमएस)। नगर निगम के सतत प्रयासों से वर्षों बाद शहर के ऐतिहासिक 5.5 हेक्टेयर अर्थात 13 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित ’सूरजताल’ तालाब का कायाकल्प तेज गति से किया जा रहा है। इस तालाब को संवारने के लिए निगमायुक्त आर.पी. अहिरवार ने 28 दिनों से 1 बड़ी हिटाची, 4 मिनी हिटाची, 1 नाव, 1 डोंगी और पर्याप्त संख्या में सफाई मित्रों को लगा रखा हैं यहां लगातार काम चल रहा हैं। निगमायुक्त ने बताया कि तालाब में 1 लाख 50 हजार क्यूबिक पानी संग्रहण करने की क्षमता है। यह तालाब शहर के नागरिकों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि अब सुबह की पहली किरण के साथ सूर्य भगवान का प्रतिबिंब और जल का संगम एक बेहद मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करने लगा है। सौंदर्यीकरण की तैयारी............ निगमायुक्त श्री अहिरवार ने गुरुवार को तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तालाब की भूमि का तत्काल सीमांकन किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि तालाब के जलग्रहण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसीलदार और पटवारी की टीम के साथ तालमेल बैठाकर अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय नागरिकों का मिला समर्थन............. निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया। वर्षों से गंदगी और बदहाली झेल रहे नागरिकों ने निगम की इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया है। सभी स्थानीय लोगों ने तालाब के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने के कार्य में अपनी पूर्ण सहमति और सहयोग देने का आश्वासन दिया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को न केवल गंदगी और बदबू से मुक्ति मिलेगी, बल्कि स्वच्छ वातावरण में रहने का सुकून भी मिलेगा। सुनील साहू / मोनिका / 05 फरवरी 2026