- टीआई, एसआई सहित 14 पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में पुलिस प्रशासन में प्रशासनिक कार्यो में कसावट लाने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के विभिन्न थाना/चौकी स्तर पर पदस्थ पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस तबादला सूची में दो थाना प्रभारी (टीआई), चार उप निरीक्षक (एसआई), तीन सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), दो हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जारी आदेश के बाद सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर इस बदलाव को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादला आदेश के साथ ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थ, कबाड़, डीजल, कोयला, महुआ मादक द्रव्य पदार्थ सहित अन्य सभी गैरकानूनी कारोबार पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्यवाही होगी और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को पूरी सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। 05 फरवरी / मित्तल