राष्ट्रीय
05-Feb-2026


रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने के दौरान जोरदार ब्लास्ट हो गया। जिसकी चपेट में आने से 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक 9 महीने की मासूम भी शामिल है। घटना खरसिया थाना इलाके के बानीपाथर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे लोग आग और गर्म गैस की चपेट में आ गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कई मरीज 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मंगल कार्बन प्लांट में पुराने टायर पिघलाकर सडक़ बनाने के लिए ऑयल तैयार किया जाता था। सुबह काम के दौरान मशीन का ढक्कन खोलते ही तेज धमाका हुआ। ऑक्सीजन अंदर जाते ही आग भडक़ उठी, जिससे कई मजदूर झुलस गए। घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्लांट के कर्मचारियों ने जानकारी देने से बचते रहे। इस हादसे में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। विनोद उपाध्याय / 05 फरवरी, 2026