राष्ट्रीय
05-Feb-2026


बोकारो(ईएमएस)। बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत छुटकी पुन्नू गांव में हाथियों ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। हाथियों के झुंड ने एक ही करमाली परिवार के तीन सदस्यों की जान ले ली, जबकि पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार तडक़े करीब 3 बजे हाथियों का झुंड गांव में घुसा और इस बार जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने घरों के गेट तोड़े और अंदर घुसकर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। हाथियों के अचानक हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घरों के भीतर सो रहे बुजुर्ग जान बचाने के लिए बाहर निकले, लेकिन हाथियों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। हाथियों ने पटक-पटक कर तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गंगा करमाली, कमली देवी और गणेश करमाली की पत्नी भगिया देवी के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। इस हमले में पांच अन्य ग्रामीण भी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। विनोद उपाध्याय / 05 फरवरी, 2026