अहमदाबाद (ईएमएस)| त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हुए पश्चिम रेलवे आगामी होली त्योहार के दौरान संभावित यात्री भीड़ को संभालने हेतु व्यापक तैयारियों के साथ पूरी तरह से सजग है। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती यात्रा मांग को पूरा करने के लिए अब तक 231 हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों की सेवाएँ अधिसूचित की जा चुकी हैं। ये स्पेशल ट्रेनें 01 मार्च से 22 मार्च, 2026 की अवधि के दौरान देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए परिचालित की जाएंगी, जिनमें उत्तर एवं पूर्व भारत के प्रमुख क्षेत्रों-उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान सहित अन्य महत्वपूर्ण राज्य पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों की योजना यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने तथा त्योहारों के दौरान आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाई गई है। पश्चिम रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अग्रिम योजना बनाकर तथा विभिन्न सेक्टरों में आरक्षण प्रवृत्तियों और यात्री मांग की निरंतर निगरानी करते हुए एक सक्रिय एवं यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाया गया है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे होली त्योहार के दौरान यात्री भीड़ के सुचारु प्रबंधन हेतु अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं एवं व्यापक यात्री सुविधा उपायों के साथ पूरी तरह तैयार है। बुकिंग पैटर्न एवं यात्री आवागमन की सतत निगरानी की जा रही है तथा जहाँ संभव हो नियमित ट्रेनों में कोचों की वृद्धि भी की जा रही है। यात्रियों की मांग के आधार पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों पर भी विचार किया जाएगा तथा आने वाले दिनों में और भी ट्रेनों की अधिसूचना जारी की जाएगी। यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सहायता हेतु विभिन्न मीडिया माध्यमों से स्पेशल ट्रेनों एवं यात्री सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है। विनीत ने आगे बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर भारी यात्री भीड़ की संभावना को देखते हुए पश्चिम रेलवे के प्रमुख टर्मिनलों एवं आरंभिक स्टेशनों पर व्यापक तौर पर भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाएं पहले से ही लागू कर दी गई हैं। मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, उधना, सूरत, अहमदाबाद सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर यात्रियों के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित प्रवेश और बोर्डिंग को नियंत्रित करने हेतु समर्पित यात्री होल्डिंग क्षेत्र उपलब्ध कराए गए हैं। इन होल्डिंग क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय ब्लॉक, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखे तथा जन-उद्घोषणा प्रणाली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, कतार प्रबंधन, यात्री मार्गदर्शन एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ, जीआरपी एवं वाणिज्यिक कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की योजना बनाई गई है। सीसीटीवी निगरानी चौबीसों घंटे की जा रही है तथा संवेदनशील स्टेशनों पर वरिष्ठ रेल अधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि संचालन की निगरानी कर आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यात्रियों की सुगम आवाजाही एवं भीड़ से बचाव के लिए अतिरिक्त बुकिंग काउंटर, मोबाइल टिकटिंग व्यवस्थाएं तथा सघन उद्घोषणाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के साथ-साथ मजबूत स्टेशन-स्तरीय तैयारियां एवं समन्वित भीड़ प्रबंधन रणनीतियां, होली त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम रेलवे की तत्परता को दर्शाती हैं। पश्चिम रेलवे सभी यात्रियों से अपील करती है कि वे अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं, निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों का उपयोग करें तथा रेलवे स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें, ताकि त्योहारों के दौरान सभी के लिए सुचारु आवागमन एवं सुखद यात्रा अनुभव सुनिश्चित किया जा सके। सतीश/05 फरवरी