राष्ट्रीय
05-Feb-2026


* ड्राइवरों के शोषण से मुक्ति और यात्रियों को पारदर्शी सेवा देने की दिशा में क्रांतिकारी पहल : मंत्री जीतू वाघाणी गांधीनगर (ईएमएस)| राज्य के प्रवक्ता मंत्री जीतू वाघाणी ने देश की पहली सहकारी कैब सेवा ‘भारत टैक्सी’ के शुभारंभ को ऐतिहासिक बताते हुए हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकार मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। मंत्री वाघाणी ने बताया कि अब तक कैब सेवा क्षेत्र में निजी कंपनियों का वर्चस्व रहा है, लेकिन ‘भारत टैक्सी’ सहकारी आधार पर संचालित देश की पहली सेवा है। इस मॉडल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे ड्राइवरों के शोषण पर रोक लगेगी। निजी ऐप आधारित सेवाओं में ड्राइवरों को अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कमीशन के रूप में देना पड़ता है, जबकि सहकारी ढांचे के कारण यहां ड्राइवरों के हितों की रक्षा होगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ‘भारत टैक्सी’ दुनिया का पहला और सबसे बड़ा सहकारी आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। यह सेवा न केवल ड्राइवरों के लिए, बल्कि आम जनता के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी। सहकारी मॉडल होने के कारण यात्रियों से किसी भी प्रकार के छिपे हुए शुल्क या अत्यधिक किराए की वसूली नहीं की जाएगी। साथ ही, तकनीक के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। मंत्री वाघाणी ने कहा कि गुजरात हमेशा से सहकारी गतिविधियों में देश का अग्रणी राज्य रहा है। अमूल और इफको जैसे सफल सहकारी मॉडलों के बाद अब परिवहन क्षेत्र में ‘भारत टैक्सी’ के माध्यम से सहकारी आंदोलन का विस्तार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुजरात में देश की पहली सहकारी कैब सेवा का शुभारंभ होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इससे मध्यम वर्ग के यात्रियों और मेहनतकश ड्राइवर भाइयों-दोनों को लाभ होगा। उन्होंने इसे सहकारी क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए ‘भारत टैक्सी’ के संचालकों और इस पहल से जुड़े सभी सदस्यों को आधुनिक परिवहन व्यवस्था में सहकारी भावना जोड़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। सतीश/05 फरवरी