क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


टीआई ने साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत बालाघाट (ईएमएस). जिले में लगातार साइबर धोखाधड़ी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठग आमजनों के साथ-साथ अब पुलिस अधिकारियों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले का सामने आया है। ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले को पोर्न फिल्म देखने के नाम पर ठगने का प्रयास किया। हालांकि, थाना प्रभारी की जागरुकता के चलते साइबर ठग अपने प्रयासों में सफल नहीं हो पाए। घटना के बाद थाना प्रभारी ने साइबर सेल में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले के अनुसार उनके मोबाइल नंबर पर हाल ही में ट्रू-कॉलर पर दोस्त नाम से एक अनजान नंबर से कॉल आया। जिसे उन्होंने रिसिव किया। कॉलर ने अपने आपको सीबीआई अधिकारी होना बताया। कॉलर ने कहा कि उनके पास एक शिकायत आई है कि वे फोन पर पोर्न फिल्मे देखते हैं। कॉलर ने धमकी दी कि इस मामले पर उनके खिलाफ नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कर चालान किया जाएगा। पोर्न फिल्मों को देखना छोटे बच्चों के साथ रेप जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बनने की बात कॉलर ने कही। कॉलर और उनके बीच करीब दो मिनट तक संवाद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि वे कॉलर से और जानकारी लेना चाह रहे थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपने दोस्त को बताने की बात कही, कॉलर ने फोन कट कर दिया। उन्होंने इस मामले की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, जिस नंबर से कॉल आया था, वह फिलहाल बंद पाया गया है। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने आमजनों से अपील की है कि अनजान नंबर से आने वाले फोन कॉल से सतर्क रहें। इस तरह के कॉल आने पर वे तत्काल इसकी शिकायत साइबर सेल नंबर 1930 पर दर्ज कराएं और समीपस्थ पुलिस थाने में भी इसकी सूचना दें। ताकि साइबर ठगी के प्रयासों को रोका जा सकें और ठगों पर कार्यवाही की जा सकें। भानेश साकुरे / 05 फरवरी 2026