क्षेत्रीय
05-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। स्वास्थ्य महकमें में भ्रष्टाचार अब आम बात हो गई है साढ़े तीन सौ से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों से भर्ती के नाम पर 50 हजार से एक लाख रुपए तक की वसूली के आरोप सीएमएचओ कार्यालय पर लगे हैं। इस वसूली में विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर से लेकर अधिकारी के दामन तक छींटें आ रहे हैं। ३० जनवरी को उस वक्त जिला पंचायत में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में सन्नाटा छा गया जब आउट सोर्स भर्ती के नाम पर सीधे सीएमएचओ के ऊपर ७० हजार रूपए मांगने के आरोप लगे। दरअसल जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार सहित जनपद अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य भी जिले में होने वाली आउट सोर्स भर्ती में फर्जीवाड़े को लेकर पहले ही मोर्चा खोल चुके थे। सामान्य सभा की बैठक में सीएमएचओ डॉ नरेश गुन्नाड़े जब पहुंचे तो जिला पंचायत अध्यक्ष ने फिर आउट सोर्स भर्ती में रिश्वत मांगने का मुद्दा उठाया जिसे सीएमएचओ ने सिरे से नाकार दिया। फिर क्या था अपनी बात सही साबित करने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार ने बैठक में सभी को शांत रहने के निर्देश देते हुए सभा कक्ष का दरवाजा बंद करवा दिया इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल से एक नंबर पर फोन लगाया और आउट सोर्स भर्ती के संबंध में चर्चा की। जिसमें आवेदक ने जिला पंचायत अध्यक्ष से बातचीत में बताया कि स्वास्थ्य विभाग में भर्ती के लिए सीएमएचओ ७० हजार रूपए मांग रहे हैं उन्हें दे दूं क्या ? इसके बाद बैठक में सन्नाटा छा गया सभी उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि दंग रह गए, जबकि सीएमएचओ डॉ नरेश गुन्नाड़े भी बगले झांकते नजर आए। आउट सोर्स भर्ती में हुआ बड़ा खेला छिंदवाड़ा जिले में पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में लगभग ३५० से लेकर ५०० कर्मचारियों की आउट सोर्स में भर्ती हुई है। इस भर्ती के नाम पर आवेदकों से ५० हजार से लेकर १ लाख रूपए तक लेने के आरोप लगे हैं। इसे लेकर जिला पंचायत की बैठक में जमकर हंगामा भी हुआ था। जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने मामले में भ्रष्टाचार की बात सिरे से नाकार दी थी। अब लोकायुक्त की रेड के बाद खुलने लगे पत्ते बीते दिन लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सीएमएचओ कार्यालय में दबिश देकर दिव्यांग स्टॉफ नर्स पुष्पा बरकड़े से ५० हजार रूपए रिश्वत लेने के मामले में सीएमएचओ के खास संविदा कर्मी कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी को रंगे हाथ पकड़ा था। आउट सोर्स भर्ती में साहब के नाम से रूपए लेने में भी जितेंद्र यदुवंशी का नाम सामने आ रहा है, जबकि दूसरी तरफ जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा सदस्य इस आउटसोर्स भर्ती को रद्द करने की मांग पर अड़े हैं। ईएमएस / 05/02/2026