क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में गुरुवार को राजनीति शास्त्र विभाग द्वारा व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. श्वेता मोर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर की विषय विशेषज्ञ अनुपमा गौतम ने भारतीय निर्वाचन व्यवस्था एवं प्रणाली विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने सर्वप्रथम स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने वाली संवैधानिक संस्था भारतीय निर्वाचन आयोग के संगठन, दायित्वों एवं अधिकारों की जानकारी छात्राओं को दी। इसके बाद भारत में संघ, राज्य एवं पंचायत स्तर पर संचालित निर्वाचन प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया। गौतम ने बताया कि निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है, जिसके पश्चात नामांकन, नाम वापसी, चुनाव प्रचार एवं मतदान की प्रक्रिया संपन्न होती है। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की भी विस्तार से जानकारी दी तथा मतदान के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने कालेजियम प्रणाली से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान करते हुए विषय विशेषज्ञ द्वारा कार्यपालिका एवं न्यायपालिका के संबंधों को शक्ति पृथक्करण सिद्धांत के संदर्भ में स्पष्ट किया गया तथा कालेजियम व्यवस्था की संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. स्वाति खोब्रागड़े, डॉ. मणिका चौबे एवं नेटवर्क एडमिन मोहित लांजेवार का विशेष योगदान रहा। छात्राओं ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। भानेश साकुरे / 05 फरवरी 2026