फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब मुस्तफाबाद रोड निवासी सेल्समैन प्रशांत जैन का शव करीब 14 दिन बाद एक नाले में मिला। स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, प्रशांत जैन 23 जनवरी से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना शिकोहाबाद में दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को दोपहर करीब एटा तिराहे पर रोटी बैंक के पास एक राहगीर ने नाले में झांककर देखा तो पहले एक सिर दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि नाले में एक पुरुष का शव पड़ा है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। सड़क किनारे शव मिलने की खबर से मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। मृतक सेल्समैन होने के कारण उसकी पहचान प्रशांत जैन के रूप में हो गई। वहीं, परिजनों ने प्रशांत जैन की हत्या कर शव को नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव की हालत 14 दिन पुरानी नहीं लग रही, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। ईएमएस