क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के विकासखंड अरांव में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 137 पात्र लाभार्थियों को उनके पक्के आवास के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित प्रताप सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत मौजूद रहे। अतिथियों ने निराश्रित महिलाओं, दिव्यांग लाभार्थियों, बंजारा समाज के पात्र व्यक्तियों तथा दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र सौंपे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सिर पर पक्की छत मिलने से न केवल परिवार को सुरक्षा का एहसास होता है, बल्कि समाज में सम्मान भी बढ़ता है। स्वीकृति पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी रमेश रंजन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिवगोविंद सिंह, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) राजेश कुमार, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी दिग्विजय सिंह, लेखाकार कल्याण सिंह, कनिष्ठ लिपिक अनिकेत कुमार सहित समस्त पंचायत सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस