फिरोजाबाद(ईएमएस)जिले में चेकिंग के लिए पहुंचे बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और उनके दो सहयोगियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में जूनियर इंजीनियर सहित तीनों कर्मचारी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के हसमत नगर की बताई जा रही है, जो रैपुरा विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत आता है। थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, बिजली बकाया होने पर करीब 20 घरों के कनेक्शन काटे गए थे। जूनियर इंजीनियर अजय कुमार कश्यप ने पुलिस को बताया कि सूचना मिली थी कि जिन घरों के कनेक्शन काटे गए थे, वहां दोबारा बिजली चोरी की जा रही है। इसी की जांच करने के लिए वह अपने दो लाइनमैन सहयोगियों के साथ हसमत नगर पहुंचे थे। आरोप है कि एक मकान में चेकिंग शुरू करते ही कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में जूनियर इंजीनियर और दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। ईएमएस