छिंदवाड़ा (ईएमएस)। । कोयलांचल के परासिया क्षेत्र में खाद्य तेलों में मिलावट की शिकायतें लगातार मिलने के बाद गुरूवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर दो प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल के नमूने लिए है जिन्हें जांच के लिए राज्य प्रयोग शाला भोपाल भेजा गया है। लोगों को साफ और स्वच्छ सामग्री मिले इसको लेकर शासन द्वारा मिलावट से मुक्ति का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य औषधि प्रशासन की टीम गुरूवार को परासिया पहुंची और एसडीएम शशांक कुमार यादव , तहसीलदार श्रीराम सूर्यवंशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा की टीम ने परासिया के चौकी मोहल्ला के श्रीनिवास ट्रेडर्स और गोयल किराना भंडार का निरीक्षण कर यहां से विभिन्न ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रा ने बताया संबंधित दोनों प्रतिष्ठानों के पास खाद्य लाइसेंस उपलब्ध पाया गया। यहां से नमूने लेकर राज्य प्रयोग शाला भेजा जा रहा है। यहां से रिपोर्ट आने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संग्रहित नमूनों को परीक्षण हेतु तत्काल भोपाल प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/मोहने/ 05 फरवरी 2026