क्षेत्रीय
05-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। सिविल अस्पताल चांदामेटा में प्रसव उपरांत नवजात शिशु की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा नर्सिंग स्टाफ एवं मेडिकल ऑफिसर के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। शिकायतकर्ता योगेश यदुवंशी द्वारा 04 जनवरी को शिकायत की की थी। जिसमें जांच समिति द्वारा जंाच की गई। जांच में सिविल अस्पताल चांदामेटा में पदस्थ संविदा नर्सिंग ऑफिसर्स पिंकी साहू, सरिता राव, वर्षा सोनी, हिना खान एवं नीतू नागेश द्वारा गंभीर लापरवाही करना पाया गया। जांच में प्रसवोत्तर नवजात की सतत निगरानी नहीं करने, आवश्यक रिकॉर्ड संधारित न करने एवं समन्वय में त्रुटियां सामने आई हैं। जांच में वर्षा सोनी पर अवैध धन मांगने का आरोप भी उल्लेखित है। वहीं इसी प्रकरण में सिविल अस्पताल चांदामेटा की मेडिकल ऑफिसर डॉ. रेनू सिंह के विरुद्ध भी कलेक्टर श्री नारायन द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच में सामने आया कि शिशु की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने के बावजूद वे तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचीं, बिना प्रत्यक्ष परीक्षण किए दूरभाष पर ही रेफर का निर्देश दिया गया तथा अधीनस्थ स्टाफ के कार्य का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं आपातकालीन चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं किया गया, जिसके कारण उपचार एवं रेफरल में विलंब हुआ। नर्सिंग स्टाफ एवं मेडिकल ऑफिसर को नोटिस की प्राप्ति से 7 दिवस के भीतर अपना स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं साक्ष्य सहित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। ईएमएस / 05/02/2026