इन्दौर (ईएमएस) भागीरथपुरा में इन्दौर नगर निगम द्वारा सप्लाई पानी से एक और मौत के बाद अब यहां हुई मौतों का आंकड़ा 33 तक पहुंच गया है। भागीरथपुरा में आज अल सुबह 70 वर्षीय अलगूराम यादव की मौत हो गई। वे एक माह से अस्पताल में भर्ती थे और कुछ दिनों पहले उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत आ रही थी कल रात उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई और आज अल सुबह उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पहले उल्टी-दस्त की शिकायत पर उन्हें बस्ती के क्लिनिक में ही दिखाया गया था और गत 9 जनवरी को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था तभी से वे अस्पताल में ही भर्ती थे। परिजनों के अनुसार उन्हें कोई दूसरी बीमारी नहीं थी। ज्ञात हो कि अलगूराम यादव के पहले अनीता कुशवाह, एकनाथ सूर्यवंशी, लक्ष्मी रजक जैन, खूबचंद पहलवान, राजाराम बौरासी, बद्री प्रसाद, विद्या बाई सहित तैंतीस लोगों की भागीरथपुरा में दूषित पानी से संक्रमित होने के बाद मौत हो चुकी है और वहां हो रही मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि नगर निगम द्वारा युद्ध स्तर पर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।