व्यापार
06-Feb-2026


- एईएसएल भारत में लंबे समय में पावर ग्रिड के विस्तार से लाभ उठाएगी मुंबई (ईएमएस)। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (एईएसएल) के शेयर की कवरेज शुरू करते हुए इसे ओवरवेट रेटिंग दी और टारगेट प्राइस 1,133 रुपए रखा। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि एईएसएल भारत में लंबे समय में पावर ग्रिड के विस्तार से लाभ उठाएगी। अगले एक दशक में देश में 10 लाख करोड़ रुपए के ट्रांसमिशन निवेश की संभावना है, जिससे कंपनी को महत्वपूर्ण अवसर मिलेंगे। रिपोर्ट में कहा गया कि एईएसएल का वितरण कारोबार मजबूत है और सरकार के स्मार्ट मीटरिंग समर्थन से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ेगी। कंपनी मुंबई और मुंद्रा सेज वितरण क्षेत्रों के माध्यम से लगभग 33 लाख उपभोक्ताओं तक पहुंच रखती है। एईएसएल का लक्ष्य वितरण क्षेत्र में 20 फीसदी बाजार हिस्सेदारी हासिल करना है। स्मार्ट मीटरिंग में कंपनी के पास 24.6 मिलियन मीटर का ऑर्डर बुक है, जिसे ‎वित्त वर्ष 2027 तक पूरा किया जाएगा। मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि ‎वित्त वर्ष 2025–2030 के बीच एईएसएल का ए‎बिटा 21 फीसदी सीएजीआर से बढ़ेगा और ‎वित्त वर्ष 2030 तक लगभग 2,600 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। वृद्धि के प्रमुख स्रोत ट्रांसमिशन परियोजनाओं की जीत, रेगुलेटेड वितरण पूंजीगत व्यय और स्मार्ट मीटरिंग ऑर्डर बुक का एग्जीक्यूशन हैं। एईएसएल ट्रांसमिशन, वितरण और स्मार्ट मीटरिंग में एकीकृत उपस्थिति रखती है और निजी क्षेत्र के ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स में लगभग 50 फीसदी हिस्सेदारी है। मॉर्गन स्टेनली ने अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर को भी सकारात्मक बताया है, जो एईएसएल के लंबी अवधि के विकास और व्यावसायिक मॉडल पर भरोसे को दर्शाता है। सतीश मोरे/06फरवरी ---