व्यापार
06-Feb-2026


- पिछले सप्ताह के 709.41 अरब डॉलर से 14.4 अरब डॉलर अधिक मुंबई (ईएमएस)। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 30 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 723.8 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। यह पिछले सप्ताह के 709.41 अरब डॉलर से 14.4 अरब डॉलर अधिक है। इससे पहले 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में भंडार में 8.05 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा* ने कहा कि यह भंडार लगभग 11 महीने के वस्तु आयात को कवर करने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की बाहरी वित्तीय स्थिति मजबूत है और देश अपनी विदेशी वित्तीय जरूरतों को आसानी से पूरा करने में सक्षम है। विदेशी मुद्रा भंडार में चार कारक हैं - विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि और विशेष आहरण अधिकार। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में करीब 563 अरब डॉलर पर और स्वर्ण भंडार 123 अरब डॉलर पर था। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में डॉलर के अलावा यूरो, ब्रितानी पाउंड और जापानी येन शामिल होता है। आरबीआइई के अनुसार, भंडार की यह बढ़त भारत को वैश्विक वित्तीय बाजारों में भरोसा और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति और स्वर्ण के उच्च स्तर से भारत अपनी बाहरी भुगतान क्षमता बनाए रखने में सक्षम है। सतीश मोरे/06फरवरी ---