राज्य
06-Feb-2026
...


- फरार पार्षद शफीक हीरा व भांजे पर ईनाम घोषित जबलपुर (ईएमएस)। गोहलपुर थाना क्षेत्र में फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पार्षद शफीक हीरा तथा उसके भांजे यूसुफ जावेद पर 5–5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजनी तिवारी ने बताया थाना गोहलपुर में तीन चार माह पूर्व फर्जी रजिस्ट्री के संबंध में केस दर्ज हुआ था, जिसमें 8 आरोपी थे. उसी में से एक आरोपी पार्षद शफीक हीरा भी था. जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है| पुलिस के अनुसार पार्षद पर आरोप है कि उसने संगठित गिरोह बनाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाए और एक फर्जी महिला को सामने लाकर अधिवक्ता मोहम्मद अल्तमश तथा हाजी मोहम्मद असलम पहलवान के प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री करवा दी। जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश की रूपरेखा पार्षद के कार्यालय से तैयार की गई थी। इस मामले में गोहलपुर पुलिस अब तक शाहजहाँ, जावेद उर्फ गोश बाबू और कलीम को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी पार्षद और उसका भांजा अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। . फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर सक्रिय…. जानकारी के मुताबिक शफीक हीरा करीब डेढ़ माह से फरार है, इसके बावजूद वह सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहा है। वहीं उसका भांजा यूसुफ जावेद लगभग छह महीने से फरार बताया जा रहा है। इस स्थिति को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिवक्ता संघ के दबाव से तेज हुई कार्रवाई……. पूरे मामले में जिला अधिवक्ता संघ के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई में तेजी आई है। संघ द्वारा शिकायत प्रस्तुत किए जाने के बाद पुलिस ने इनाम घोषित करने सहित अन्य कदम उठाए। पीड़ितों ने मांग की है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। फिलहाल पुलिस असगर अली, टीपू और आयुष समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। सुनील साहू / शहबाज / 06 फरवरी 2026