राज्य
06-Feb-2026


भोपाल (ईएमएस) । पुलिस मुख्यालय के आदेश पर, भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अति. पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त जोन–04 मयुर खंडेलवाल के निर्देशन में, जोन–04 के अंतर्गत थाना छोलामंदिर एवं निशातपुरा में बच्चों के लिए एक माह का सृजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। 08 जनवरी 2026 से आरंभ एवं मुस्कान संस्था द्वारा पुलिस के सहयोग से कार्यक्रम संचालित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा जागरूकता, आत्मरक्षा और रचनात्मकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सेल्फ डिफेंस, साइबर सुरक्षा, बाल सुरक्षा और सुरक्षित व्यवहार से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें लगभग 500 बच्चों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए फैंसी ड्रेस, चित्रकला, हस्तकला (वर्क) और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। मुस्कान और आरंभ संस्था ने प्रशिक्षण और गतिविधियों के संचालन में पुलिस को सहयोग प्रदान किया। समापन अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार की गई प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया गया और सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अभिभावकों एवं नागरिकों ने पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। कार्यक्रम में डीआईजी विनीत कपूर, डीआईजी श्रीमती किरणलता कर्केट्टा, डीसीपी जोन 4 मयूर खंडेलवाल, एसीपी अक्षय चौधरी एवं टीआई मनोज पटवा समेत अनेक पुलिस अधिकारी कर्मचारी और बच्चियों के परिजन मौजूद रहे। जुनेद/06फरवरी2026