सडक मंजिल तक जाने की रास्ता ही नहीं, बल्कि सकुशल घर वापस लौटने का भी मार्गः नेहा झा एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन ने पत्रकारों को दी यातायात नियमों की जानकारी यातायात नियमों के सम्बंधा में शपथ दिलाकर जनता को जागरूक करने की गई अपील परिवहन विभाग ने प्रेस क्लब हरिद्वार में किया संगोष्ठी का आयोजन हरिद्वार (ईएमएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा प्रेस क्लब हरिद्वार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के मुख्य अतिथि एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा मौजूद रहे। एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने बताया कि देशभर में यातायात नियमों का पालन ना करने के कारण प्रतिवर्ष 5 लाख लोग सड़क दुर्घटना में घायल होते हैं और उनमें करीब डेढ लाख लोगों की मौत होती है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी वाहन चालक निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और नशे में वाहन चलाने से बचें, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। परिवहन विभाग लगातार जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी को जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करना होगा। तभी सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी आएगी। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि सभी वाहनों पर आगे और पीछे दोनों ओर स्पष्ट एवं मानक के अनुसार नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर चलने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने की सख्त अपील की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने सभी सड़क दुघर्टना में घायल होने वालों की तत्काल मदद करने की अपील करते हुए कहा कि तुरंत मदद मिलने से कई बहुमूल्य जिंदगी बच सकती हैं। इस दौरान परिवहन विभाग अधिकारियों ने पत्रकारों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलायी। इस दौरान परिवहन विभाग की और से पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान प्रेस क्लब अधयक्ष धर्मेन्द्र चैधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेट कर सम्मानित किया। संगोष्टी में वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखौला, आदेश त्यागी, रामचंद्र कन्नौजिया, अविक्षित रमन, रजनीकांत शुक्ल, गोपाल रावत, संजय आर्य, राहुल वर्मा, प्रतिभा वर्मा, सुदेश आर्या, रूपेश वालिया, बालकृष्ण शास्त्री, हिमांशु द्विवेदी, तनवीर अली, गुलशन नैय्यर, कुमार दुष्यंत, जोगेंद्र मावी, सुभाष कपिल, विकास झा, श्रवण झा, मुकेश वर्मा, महताब आलम, प्रशांत शर्मा, संजय चैहान, काशीराम सैनी, महेश पारीख, शिवा अग्रवाल, विकास चैहान, नवीन चैहान, सूर्यकांत बेलवाल, सुरेंद्र बोकाड़िया, दयाशंकर वर्मा, अमित गुप्ता, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। (फोटो-15) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/06 फरवरी 2026