ज़रा हटके
07-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। मीठा होने के बावजूद अंजीर शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। यह कहना है हैल्थ एक्सपर्टस का। एक्सपर्टस के अनुसार, अंजीर एक पौष्टिक और ताकतवर ड्राई फ्रूट है, जो हाई ब्लड ग्लूकोज को कम करने और शरीर से अतिरिक्त शुगर को बाहर निकालने में सहायक होता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए काफी उपयोगी माना जाता है, क्योंकि यह ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोकता है और उसे नियंत्रित स्तर पर बनाए रखने में मदद करता है। अंजीर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी इसे खास बनाता है। ताजा अंजीर का जीआई करीब 52 और सूखे अंजीर का जीआई लगभग 62 होता है। यह लो से मॉडरेट जीआई फूड्स की कैटेगरी में आते हैं, यानी इन्हें खाने के बाद खून में शुगर तेजी से नहीं बढ़ती। ऐसे फूड्स डायबिटिक लोगों के लिए बेहतर होते हैं क्योंकि ये धीरे-धीरे ऊर्जा रिलीज करते हैं और ग्लूकोज स्तर को स्थिर रखते हैं। अंजीर को पाचन के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद डाइटरी और सॉल्यूबल फाइबर शुगर के मेटाबॉलिज्म को धीमा करते हैं, जिससे शरीर में ग्लूकोज लेवल अचानक नहीं बढ़ता। इसका फाइबर कब्ज जैसी समस्या से राहत देता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। जिन लोगों का पेट रोज साफ नहीं होता, उनके लिए अंजीर बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। यह पाचन प्रक्रिया को सुधारता है और आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। अंजीर को पानी में भिगोकर खाने की सलाह भी दी जाती है। भिगोने के बाद सूखे अंजीर न सिर्फ मुलायम हो जाते हैं बल्कि शरीर में जल्दी पच भी जाते हैं। इससे पोषक तत्वों का अवशोषण और बेहतर तरीके से होता है। भीगे अंजीर हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मददगार होते हैं, क्योंकि इनमें कैल्शियम और मिनरल्स की मात्रा अच्छी होती है। नियमित सेवन से हड्डियों की मजबूती बढ़ती है और शरीर को ऊर्जा मिलती है। डायबिटीज के अलावा अंजीर को अन्य स्वास्थ्य लाभों के लिए भी जाना जाता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट शरीर में मौजूद हानिकारक तत्वों को कम करते हैं और मेटाबॉलिज्म को संतुलित रखते हैं। सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2026