मैड्रिड (ईएमएस)।ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले कार्लोस अल्काराज़ अभी टेनिस जगत में सबसे कम उम्र में चारों ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी है। वहीं स्पेन के डेविस कप कप्तान और पूर्व टॉप-10 खिलाड़ी डेविड फेरर का कहना है कि उन्होंने एक दशक पहले ही अल्काराज़ की प्रतिभा देख ली थी और उन्हें अंदाज हो गया था कि वह नये रिकार्ड बनाऐंगे। फेरर ने अल्काराज़ के साथ 2014 में हुई एक ऐसी ट्रेनिंग सत्र की बातों को याद करते हुए कहा कि तब अल्काराज़ की उम्र महज़ 14 साल थी, जबकि फेरर उस समय शीर्ष पर थे। यह ट्रेनिंग सेशन पूर्व विश्व नंबर-1 जुआन कार्लोस फेररो के कहने पर आयोजित किय गया था। फेरर शुरू में ज्यादा उत्साहित नहीं थे और उन्होंने साफ कहा था कि प्री-सीजन ट्रेनिंग में वे समय बर्बाद नहीं करना चाहते हैं पर जब उन्होंने अल्काराज़ को खेलते हुए देखा तो उनकी सोच पूरी तरह बदल गयी। उन्होंने बताया कि आमतौर पर पेशेवर खिलाड़ियों के सामने युवा खिलाड़ी टिक नहीं पाते पर अल्काराज़ ने हर शॉट संभाला बल्कि तीसरे ही रिटर्न पर गेंद की रफ्तार बढ़ाकर उन्हें हैरान कर दिया। उस पल फेरर को उनमें वहीं छवि दिखी जो उन्होंने है, राफेल नडाल में दिखी थी। गौरतलब है कि दोनों के बीच एक सुपर टाईब्रेक भी खेला गया, जिसमें फेरर ने 10-8 से जीत हासिल की। हालांकि उनका मानना है कि अल्काराज़ चाहें तो उन्हें हरा सकते थे। फेरर के लिए यह सिर्फ खेल की बात नहीं थी, बल्कि अल्काराज़ का आत्मविश्वास, निडरता और मैच के प्रति समझ उम्र से कहीं आगे नजर आई।फेरर के अनुसार वह बेहद सहज, जमीन से जुड़े और मुस्कुराते रहने वाले खिलाड़ी हैं, जो उन्हें खास बनाता हैं। गिरजा/ईएमएस 07 फरवरी 2026