खेल
07-Feb-2026
...


लिस्बन (ईएमएस)। पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो हमेशा से चर्चाओं में रहे हैं। विश्व के बेहतरीन स्ट्राइकर रोनाल्डो आजकल सऊदी अरब के क्लब अल नास्र में हैं पर कहा जा रहा है कि वह संतुष्ट नहीं हैं और किसी अन्य क्लब में जा सकते हैं। रोनाल्डो फुटबॉल जगत के सबसे चमकते सितारों में से एक हैं। ऐसे में उनको शामिल करने की दौड़ में कई क्लब आ जाएंगे। हैं। अपने करियर में वह मैनचेस्टर यूनाइटेड से लेकर रियल मैड्रिड और जुवेंटस तक छाये रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार हाल के महीनों में अल नास्र से रोनाल्डो के खुश नहीं होने से उनके किसी अन्य क्लब में जाने की अटकलें लगायी जा रही हैं। ये भी कहा जा रहा है कि मोरक्को के क्लब वीदाद कासाब्लांका की नजरें उनपर हैं। वीदाद अफ्रीकी फुटबॉल में बड़ा नाम है और नियमित रूप से सीएएफ चैंपियंस लीग खेलता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लब ने पहले भी रोनाल्डो को शामिल करने को लेकर रुचि दिखाई थी, जिससे अफ्रीकी फुटबॉल में उनके खेलने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं। इसके अलावा रियल मैड्रिड में वापसी की अटकलें भी हैं। रोनाल्डो ने इस क्लब के लिए नौ वर्षों में चार चैंपियंस लीग खिताब जीते थे। मौजूदा समय में टीम प्रबंधन और चोटों से जूझ रही मैड्रिड उनके जैसे अनुभवी खिलाड़ी को लेना चाहेगी। इसके अलावा अमेरिका की मेजर लीग सॉकर की दिग्गज टीम लॉस एंजेलिस गैलेक्सी भी उन्हें शामिल करना चाहती है। माना जा रहा है कि अमेरिका में खेलना रोनाल्डो को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ ब्रांड विस्तार का बड़ा मंच दे सकता है, खासकर तब जब लियोनेल मेसी पहले ही वहां खेल रहे हैं। इसके अलावा फ्रांस का पेरिस सेंट-जर्मेन भी चर्चा में है। स्टार खिलाड़ियों से भरी इस टीम में रोनाल्डो का जुड़ना चैंपियंस लीग के लिए अनुभव और मानसिक मजबूती ला सकता है। वहीं, स्पोर्टिंग सीपी में वापसी उनके करियर को भावनात्मक पूर्णता दे सकती है, जहां से उन्होंने प्रोफेशनल फुटबॉल की शुरुआत की थी। गिरजा/ईएमएस 07 फरवरी 2026