क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


- पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर के लिए गौरव का क्षण सागर (ईएमएस)। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी आदेश तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजपत्र आदेश क्रमांक 30, 28 जुलाई 2018 के अंतर्गत स्थापित केंद्रीय गृह मंत्री के “उत्कृष्ट सेवा पदक” वर्ष 2025 के लिए पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर में पदस्थ उप निरीक्षक श्री प्रणेंद्र तिवारी एवं हेड कॉन्स्टेबल 18 श्री जितेन्द्र कुमार कोरी को उनकी सराहनीय, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित कर सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान दोनों अधिकारियों को उनके उच्च अनुशासन, कर्तव्यपरायणता, प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन तथा पुलिस प्रशिक्षण शाला में गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उनके मार्गदर्शन एवं कार्यशैली से नवप्रशिक्षुओं में अनुशासन, पेशेवर दक्षता एवं सेवा-भावना का प्रभावी विकास हुआ है। पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर में रहते हुए दोनों अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्य, प्रशासनिक दायित्वों एवं अनुशासनात्मक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जो उन्हें इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान का पात्र बनाता है। उप निरीक्षक श्री प्रणेंद्र तिवारी एवं हेड कॉन्स्टेबल श्री जितेन्द्र कुमार कोरी को प्राप्त यह “उत्कृष्ट सेवा पदक” पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है तथा यह उपलब्धि अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। इस अवसर पर श्रीमती लवली सोनी पुलिस अधीक्षक पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया, सागर सहित पुलिस प्रशिक्षण शाला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं साथियों द्वारा दोनों सम्मानित अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं तथा आशा व्यक्त की गई कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यबोध के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। निखिल सोधिया/ईएमएस/ 07/02/2026