दतिया ( ईएमएस ) | महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर सिद्ध स्थल गुप्तेश्वर मंदिर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने तथा भीड़-भाड़ को नियंत्रित रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने मंदिर परिसर एवं पहाड़ी मार्ग का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाया जाए, प्रवेश एवं निकास मार्ग स्पष्ट रहें तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पहाड़ी क्षेत्र में उचित बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुदृढ़ रखी जाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा महाशिवरात्रि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। स्थल निरीक्षण के दौरान उनके साथ तहसीलदार, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।