दतिया ( ईएमएस) शनिवार सुबह महिला सरपंच के बेटे ने अपने घर में कट्टे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही मां मौके पर पहुंची। बड़ा बेटा खून से सना पड़ा था। बेटे को देखकर मां बेहोश हो गई। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकरी ग्राम पंचायत की सरपंच सुशीला के बेटे विशाल जाटव के रूप में हुई है। वह ग्वालियर में (नर्सिंग) की पढ़ाई कर रहा था। फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। सुसाइड की वजह अभी सामने नहीं आई है। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि विशाल किसी तरह के तनाव की बात साझा नहीं करता था। एक दिन पहले ही ग्वालियर से सिकरी गांव आया था। सुबह मैं ऊपर के कमरे में नहा रहा था। मां सुशीला कपड़े धो रही थी, तभी फायरिंग की आवाज आई। इसी दौरान आवाज सुनते ही मां के साथ मौके पर पहुंचे। एक तरफ बड़े भाई गिरे पड़े थे, दूसरी ओर कट्टा रखा था। विशाल के सीने में गोली लगी थी। उसके सीने से खून बह रहा था। विशाल को तत्काल ग्वालियर लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |