07-Feb-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | जिले में दस्तक अभियान के द्वितीय चरण के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण कोऑर्डिनेशन बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने की। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. डी.के. सोनी, जिला क्षय अधिकारी डॉ. विशाल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अरविंद उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जानकारी दी गई कि दस्तक अभियान का द्वितीय चरण 17 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक प्रस्तावित है। इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ता जिले के सभी 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को बिटामिन ‘ए’ अनुपूरण प्रदान करेंगे। साथ ही अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 5 वर्ष तक के चिन्हित एनीमिक बच्चों का फॉलोअप कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने अभियान की सफलता के लिए विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी मैदानी कार्यकर्ता समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से कार्य करें। बैठक के दौरान ड्यूटी लिस्ट एवं माइक्रोप्लान तैयार करने, प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण, लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं, क्रियान्वयन की रणनीति, रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था के साथ-साथ दस्तावेजीकरण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा कुपोषित बच्चों के चिन्हाकन एवं एनआरसी में भर्ती हेतु महिला बाल विकास अधिकारी श्री अरविन्द उपाध्याय के द्वारा बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। जिसमें स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के सभी मेडिकल ऑफीसर एवं मैदानी कर्मचारियों को कुपोषित बच्चों को शत-प्रतिशत भर्ती कराने हेतु संयुक्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।