बालाघाट (ईएमएस). प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट के रसायन शास्त्र एवं भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा शनिवार को बाल संरक्षण विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के संरक्षण और आईक्यूएएस प्रभारी डॉ. सीमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के स्मरण के साथ किया गया। प्राचार्य डॉ. मराठे ने बाल संरक्षण को समाज का ज्वलंत विषय बताते हुए सभी की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया। वेबीनार की संयोजक डॉ. सरिता खोबरागड़े ने इसके उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता बताई। वेबीनार में प्रथम वक्ता कौस्तुभ जुमले (एमिटी यूनिवर्सिटी, जयपुर) ने बच्चों की शारीरिक, भावनात्मक व मनोवैज्ञानिक सुरक्षा पर विचार रखे। द्वितीय वक्ता फिरोजा खान (किशोर न्याय बोर्ड, बालाघाट) ने पॉक्सो एक्ट 2012, केस स्टडी एवं राष्ट्रीय बाल श्रम कल्याण परियोजना की जानकारी दी। तृतीय वक्ता आकांक्षा पटले (सेंट्रल यूनिवर्सिटी, हैदराबाद) ने बाल संरक्षण को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण से जोड़ा। अंत में डॉ. योगिता पटले द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। वेबीनार में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दोनों विभागों के समस्त प्राध्यापकों का सराहनीय योगदान रहा। भानेश साकुरे / 07 फरवरी 2026