परिवहन विभाग ने बस संचालकों की ली बैठक, ६ वाहनों का काटा चालान छिन्दवाड़ा (ईएमएस)। महादेव मेले शुरू होते ही परिवहन विभाग सख्त हो गया है। मेला जाने वाले यात्रियों से अधिक किराया ना लिया जाए, इसके लिए परिवहन विभाग विशेष ध्यान दे रहा है। इसी के चलते शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा यात्री बस संचालकों की बैठक लेते हुए यात्रियों से अधिक किराया ना वसूले जाने की हिदायत दी है। वहीं स्पष्ट किया है कि अगर यात्रियों से अधिक किराया लिया जाता है तो संचालक के खिलाफ कार्यवाहीं की जाएगी। बैठक में संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि यात्रियों से चालक/परिचालक द्वारा दुर्व्यवहार ना किया जाये, किराया सूची वाहन में चस्पा हो एवं मोटरयान अधिनियम के अनुसार वाहन का संचालन हो अन्यथा नियमानुसार परमिट निरस्त की कार्यवाही की जायेगी। वहीं दूसरी ओर आरटीओ अनुराग शुक्ला ने बताया कि महादेव मेले पर संचालित हो रहे छोटे-बड़े वाहनों की जांच में मुख्यत: यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, किराया सूची, आपातकालीन द्वार पर दरवाजा लगा होना, अग्निशामक यंत्र साथ ही वाहन संबंधी समस्त दस्तावेजों, महाराष्ट्र राष्ट्र राज्य की सीमा से संचालित हो रहे वाहनों का मोटरयान कर, यात्रियों की ओवरलोडिंग की सघनता से जांच की गई। जांच में मोटरयान अधिनियम के तहत कमियां पाये जाने पर 06 वाहनों पर 7 हजार 100 रूपये की चालानी कार्यवाही कर राजस्व प्राप्त किया गया। ईएमएस/मोहने/ 07 फरवरी 2026