क्षेत्रीय
08-Feb-2026


साहिबगंज(ईएमएस)।साहिबगंज जिला के मोहनपुर तीनपहाड़ मुख्य सड़क लालबाथन गांव के समीप रविवार की दोपहर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।मृतक की पहचान विष्णु शाह 33 वर्ष पिता देवू साहा के रूप में हुई है।मृतक के भाई महेश साह ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब 2 बजे उनका भाई किसी काम से अपने घर लौट रहे थे इसी क्रम में लालबाथन के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया।पीड़ित परिजनों के अनुसार एनएचआई कार्य में उक्त हाइवा मिट्टी खाली कर मारोपुर की ओर मिट्टी लाने जा रहा था।इसी दौरान घर आ रहे विष्णु साह को तेज रफ्तार मिट्टी लदे हाइवा ने कुचल दिया।इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।आक्रोशित ग्रामीणों ने उधवा तीनपहाड़ मुख्य सड़क को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की।सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा,जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।सूचना पाकर राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज सहित अन्य पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाने का प्रयास में जुटा।बताया जा रहा है कि उक्त हाइवा आरकेएस कंस्ट्रक्शन का है।घटना के बाद हाइवा का चालक मौके से फरार हो गया।ग्रामीणों ने हाइवा को रोक कर रखा।खबर लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव को घटनास्थल पर रखकर सड़क जाम किया एवं मृतक की परिजनों को मुआवजा देने की मांग किया है।खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। कर्मवीर सिंह/08फरवरी/26