100 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण व भूमिपूजन बालाघाट (ईएमएस). प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 9 फरवरी को बालाघाट जिले में आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान वे जिले में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देने वाले हॉक फोर्स के 60 जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा जिले के 100 करोड़ 90 लाख रुपये के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। जानकारी के अनुसार 14 जून 2025 को बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचामादादर-कटेझिरिया पहाड़ी जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में हॉक फोर्स के जवानों ने अद्वितीय साहस और वीरता का प्रदर्शन किया था। इस मुठभेड़ में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के जीआरबी डिवीजन के मलाजखंड दलम के 4 एरिया कमेटी सदस्य रीता उर्फ तुब्बी, श्रीरांगु हिड़ामी उर्फ देवचंद, सुमन, ईमला उर्फ तुलसी और रवि मड़ावी उर्फ बदरे को मार गिराने में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मुख्यमंत्री डॉ यादव 9 फरवरी को पुलिस लाइन बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में 100 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगें। इसमें 31 करोड़ 7 लाख रुपये के 7 कार्यों का भूमिपूजन और 69 करोड़ 83 लाख रुपये के 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस कार्यक्रम को जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से न केवल जवानों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि जिले में विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। इन जवानों को मिलेगी पदोन्नति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस साहसिक अभियान में शामिल जवानों को सम्मानित करते हुए उन्हें क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान करेंगे। पदोन्नति पाने वाले जवानों में विपिन चंद्र खलको, इंदर सिंह विदूरी, शुभम प्रताप सिंह तोमर, रत्नेश मीणा, नवदेश श्रीवास्तव, मुनेन्द्र सिंह, रूद्रीचंद जखमोला, अनिल सिंह भदौरिया, मत्ते सिंह मरावी, उज्जवल घोरमारे, मनोज कुमार यादव, देवेन्द्रे धुर्वे, रवेन्द्र कुशवाह, हरेन्द्र सिंह, प्रदीप गोसाई, विनोद कुमार मर्सकोले, उमेश कुमार पटेल, विकाश कुमार राजपूत, मुकेश सगर, विवेक परस्ते, राघवेन्द्र सिंह गुर्जर, आशीष रजक, शिवहरी मरावी, प्रवीण धुर्वे, टीकाराम ढकाल, प्रवीण कुमार, असित यादव, रामआशीष यादव, संदीप शर्मा, लोकपाल धाकड़, कृष्णा श्रेष्ठ , जितेन्द्र सिंह पटेल, वीर सिंह, शकरचंद सरयाम, सुनील परियार, चन्द्रकांत पांडेय, सत्यम द्ववेदी, सुनील यादव, देवराज कलमें, सुरेन्द्र सिंह मार्को, सुशील उईके, रामलाल भील, उमेश चन्द्र दुबे, संतोष कुमार मरावी, प्रदीप कुमार परते, राजा मालवीय, विशाल कुमार सिंह, दीपक पवार, कन्हैया मरकाम, सुनील सिंह कुशवाह, मुलायम सिंह, वरूण देव सिंह चाहर, मुनीष कुमार द्विवेदी, नीलेश, महेन्द्र सिंह, रवि कुमार यादव, छठु यादव, सलेश कुमार द्विवेदी, संजू शर्मा एवं जिला पुलिस बल के नरेन्द्र सोनवे शामिल हैं। दोपहर 12.20 बजे होगा आगमन मुख्यमंत्री डॉ. यादव 9 फरवरी को सुबह 11.15 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले स्थित बिरसी हवाई पट्टी पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12.20 बजे बालाघाट पहुंचेंगे। बालाघाट में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दोपहर 2.50 बजे हेलीकॉप्टर से बिरसी हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे और वहां से वायुयान द्वारा दोपहर 3.10 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। सीएम शाम 4 बजे भोपाल पहुंचेंगे। भानेश साकुरे / 08 फरवरी 2026