क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


उद्यमियों को करीब 6 करोड़ रुपए के ऋण की प्रदान की स्वीकृति बालाघाट (ईएमएस). सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के केंद्रीय कार्यालय मुंबई के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में, क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा के तत्वावधान में आज सेंट आरसेटी (आरएसईटीआई) बालाघाट में एमएसएमई के्रडिट आउटरीच अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राइस मिल संघ के पदाधिकारी अंकित अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) संजीव कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बालाघाट शाखा के प्रबंधक माधव झा, आरसेटी निदेशक एस भोंडेकर, अंकित लिल्हारे सहित अन्य मौजूद रहे। इस अभियान के तहत बैंक द्वारा उद्यमियों को कम ब्याज दरों पर विभिन्न प्रकार के ऋण उत्पादों की जानकारी दी गई। सेंट होटल, सेंट जीएसटी, सेंट संजीवनी, सेंट इंजीनियरिंग, सेंट सीए, सेंट बिजनेस लोन सहित अनेक योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया उद्यमियों की हर वित्तीय आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राहकों को बैंक परिवार का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि बैंक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। एलडीएम संजीव कुमार ने बालाघाट जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2023 से जिला वित्त विभाग को सीएम हेल्पलाइन में लगातार ए ग्रेड प्राप्त हो रहा है, जो बैंकिंग कार्यों की कुशलता और सकारात्मक कार्यशैली को दर्शाता है। मुख्य प्रबंधक माधव झा ने सरकारी योजनाओं में बैंक की सक्रिय भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक पीडीएस के अन्नदूत जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शाखाओं से कुल 13 ग्राहकों को एमएसएमई क्रेडिट के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान लगभग 6 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। बैंक अधिकारियों ने उद्यमियों से अपील की कि वे अपनी आवश्यकतानुसार नजदीकी शाखा से संपर्क कर ऋण योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर उद्यमियों को अधिक से अधिक सहायता प्रदान की जाएगी। भानेश साकुरे / 08 फरवरी 2026