बालाघाट (ईएमएस). जिले में किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत पांच दिवसीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमला नेहरू सामुदायिक भवन सर्किट हाउस रोड बालाघाट में किया जा रहा है। मेले के साथ-साथ जिले में मिलेट्स (मोटे अनाज) के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मिलेट्स रोड शो का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य मौसम बिसेन की उपस्थिति में किया गया। अतिथियों द्वारा मिलेट्स रोड शो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रोड शो जिले के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें मिलेट्स फसलों, उनसे बनने वाले व्यंजनों तथा उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। कृषि मेले में जिले के किसानों द्वारा उत्पादित कोदो, कुटकी, रागी के विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न तकनीकों और तत्वों का भी प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त जिले में स्थापित तेल उत्पादक उद्योगों की झलक भी मेले में देखने को मिली। स्वाद स्व सहायता समूह द्वारा मिलेट्स से बने विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर आम जनता को उनका स्वाद चखाया गया, जिसे लोगों ने खूब सराहा। मेले का मुख्य आकर्षण जीवंत प्रदर्शनी, मिलेट्स से बने पौष्टिक व्यंजन तथा पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। कृषि मेला और मिलेट्स रोड शो का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना, मोटे अनाजों के महत्व को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। यह आयोजन आने वाले दिनों में किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और जिले में कृषि विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। भानेश साकुरे / 08 फरवरी 2026