क्षेत्रीय
08-Feb-2026


भाजपा कार्यालय में केन्द्रीय बजट पर महिला संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन भाजपा कार्यालय छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिला भाजपा द्वारा भाजपा कार्यालय में रविवार को केन्द्रीय बजट २०२६-२७ के प्रचार अभियान के तहत महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री शशि पटेल, सिवनी पूर्व सांसद नीता पटेरिया, सांसद विवेक बंटी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा कार्यक्रम को संबोधित किया गया। प्रदेश मंत्री शशि पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो बजट पेश किया है, वह न केवल आने वाले भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, बल्कि यह नई दिशा में देश को अग्रसर करेगा। प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है और इस बजट में ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं, जिनसे महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त होंगी। सिवनी की पूर्व सांसद नीता पटेरिया ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश की कमान संभाली, तब भारत 11 वें नंबर की इकोनॉमी था। बेरोजगारी और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश काफी पिछड़ा हुआ था। उस समय देश का टैक्स कलेक्शन इस स्थिति में था कि सरकारी कर्मचारियों की सैलरी का खर्च भी पूरी तरह से नहीं निकल पाता था। 1980-1990 के दशक में इनकम टैक्स का स्लैब 60 प्रतिशत तक था, और इसके ऊपर 12 प्रतिशत सरचार्ज भी लगता था। इसके अतिरिक्त, कंपल्सरी डिपॉजिट स्कीम के तहत 4 प्रतिशत और पीपीएफ में 15 प्रतिशत राशि डालनी पड़ती थी। सरकारों का यह मानना था कि जितना अधिक टैक्स का स्लैब होगा, उतनी ज्यादा आमदनी होगी, लेकिन यह सोच गलत थी। सही दृष्टिकोण यह होना चाहिए था कि हम जितना कम टैक्स स्लैब बनाएंगे और जितनी अधिक सुविधाएं देंगे, उतना ही देश का विकास होगा। अमेरिका और जापान में उनकी जीडीपी से अधिक कर्ज सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि अभी सरकार का कुल खर्च और दखल जीडीपी लगभग 56 प्रतिशत के आसपास है, इसे घटाकर 50 प्रतिशत के करीब लाने का सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका, जापान और अन्य विकसित देशों की इकोनॉमी में उनका कर्ज उनकी जीडीपी से कहीं अधिक है, लेकिन भारत इस कर्ज को नियंत्रित करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत अब ऐसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां आने वाले समय में भारत की इकोनॉमी दुनिया में सबसे मजबूत होगी। बौद्ध सर्किट से बढ़ेगा भारत में पर्यटन जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भारत के पर्यटन क्षेत्र में बौद्ध सर्किट के निर्माण से बड़ा बदलाव आने वाला है, जो न केवल आंतरिक बल्कि अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। भारत का रक्षा बजट इस साल 15 प्रतिशत बड़ा है। यह हमारी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक अहम कदम है। दुनिया के कई देश पर्यटन के कारण आर्थिक रूप से प्रगति कर चुके हैं और अब भारत इस दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ा रहा है। जापान, बर्मा और अन्य बौद्ध देशों के लोग भारत आना चाहते थे, लेकिन बौद्ध सर्किट के अभाव में उन्हें सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। अब सरकार ने बौद्ध सर्किट बनाने का निर्णय लिया है, जिससे इन देशों से पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होगी। ईएमएस/मोहने/ 08 फरवरी 2026