क्षेत्रीय
08-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। सासनी कस्बा स्थित के.एल. जैन इंटर कॉलेज में रविवार को भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हिन्दू समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख अमरवीर सिंह ने संघ के शताब्दी वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ ने संकल्प और साधना के बल पर समस्त हिन्दू समाज को संगठित करने का कार्य किया है। आक्रांताओं ने अनेक बार भारत की संस्कृति को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे कभी सफल नहीं हो सके। उन्होंने जाति-पाति और वर्गभेद को समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि जाग्रत हिन्दू समाज ही शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।महामंडलेश्वर 1008 श्री रूद्रदेवानन्द जी महाराज ने कहा कि भारत भूमि पर जन्म लेना परम सौभाग्य है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति सजग रहे। उन्होंने समस्त हिन्दू समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। आयोजक समिति द्वारा मंचासीन अतिथियों—अविनाश सिंह, महामंडलेश्वर 1008 श्री रूद्रदेवानन्द जी महाराज, नवग्रह मंदिर के महंत दिनेश गुरु, अमरवीर सिंह, किसान संघ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ अरूणा सिंह सिकरवार, समाजसेविका माधुरी सिंह, अध्यक्ष राकेश शर्मा राजाजी एवं समाजसेवी विजय शर्मा का शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बाल कलाकार टिया शर्मा ने कृष्ण भजन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता राकेश शर्मा राजाजी ने की तथा संचालन विक्रम जादौन ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे। ईएमएस / 08/02/2026