सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना को समर्पित रहा समारोह हाथरस (ईएमएस)। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष प्रकाशित की जाने वाली वार्षिक पत्रिका “संस्करण–5” का भव्य विमोचन समारोह टालिवाल धर्मशाला में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान द्वारा वर्ष भर किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों को समाज के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक विष्णु अग्रवाल, मुख्य अतिथि एडीजे हर्ष अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व आईपीएस आदित्य वर्मा द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात पत्रिका का विधिवत विमोचन संपन्न हुआ।निस्वार्थ सेवा संस्थान की वार्षिक पत्रिका “संस्करण–5” में रोटी बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने, मूक पशुओं की सेवा, रक्तदान शिविरों का आयोजन, निर्धन विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहायता, अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार सहित वर्ष भर किए गए विभिन्न सेवा कार्यों का तथ्यपूर्ण एवं प्रेरणादायक विवरण प्रस्तुत किया गया है। पत्रिका का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा भावना, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि निस्वार्थ सेवा संस्थान केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण की एक जीवंत सोच है, जिसका लक्ष्य समाज के हर जरूरतमंद तक सहायता पहुँचाना है। समारोह के दौरान संस्थान द्वारा एक जरूरतमंद दिव्यांग बाबा को ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गई। इस अवसर पर उपस्थित नगर के पत्रकारों ने संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए पत्रिका को समाज के लिए प्रेरणादायक और सकारात्मक संदेश देने वाली बताया। संस्थापक विष्णु अग्रवाल ने संपादन मंडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि “संस्करण–5” युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस / 08/02/2026