क्षेत्रीय
08-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। थाना सिकंदराराऊ पुलिस ने थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम माधुरी स्थित रेल की पटरी पर मिले युवक के शव के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिंकू पुत्र नरसिंह निवासी ग्राम माधुरी थाना सिकंदराराऊ के रूप में हुई है। बताया गया है कि 31 दिसम्बर 2025 को वादिया लवली पत्नी स्व. संजय सिंह निवासी ग्राम माधुरी द्वारा थाना सिकंदराराऊ में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि 19 दिसम्बर 2025 की शाम करीब 6 बजे पवन पुत्र यतेन्द्र एवं टिंकू पुत्र नरसिंह उनके पुत्र सोबित को घर से ले गए और उसकी हत्या कर शव को रेल की पटरी पर रख दिया। सूचना के आधार पर थाना सिकंदराराऊ में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक सिकंदराराऊ के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा ग्राउंड लेवल व अन्य स्रोतों से सूचनाओं का संकलन करते हुए लगातार प्रयास किए गए। इसी क्रम में आज पुलिस ने सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन के पास से नामजद आरोपी टिंकू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह लोग ट्रैक्टर से गए थे, इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया, जिससे सोबित की मृत्यु हो गई। घटना से घबराकर उन्होंने मृतक के शव को रेल की पटरी पर रख दिया, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस / 08/02/2026