हाथरस (ईएमएस)। यूजीसी एवं एससी/एसटी से जुड़े मुद्दों को लेकर देश और प्रदेश में सवर्ण संगठनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। विभिन्न जनपदों में धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा फिलहाल इसके क्रियान्वयन पर रोक लगा दी गई है, इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन थमते नजर नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को हाथरस में राष्ट्रीय परशुराम सेना द्वारा प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजू कौशिक के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पंडित राजू कौशिक को बीते दो दिनों से हाउस अरेस्ट कर रखा था। इसके बावजूद परशुराम सेना के पदाधिकारियों ने यूजीसी के विरोध में पैदल मार्च निकालने का प्रयास किया। पदयात्रा की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान परशुराम सेना के पदाधिकारियों एवं पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की अनुमति न मिलने पर मौके पर ही धरना शुरू कर दिया।पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरने से उठ गए। इसके पश्चात परशुराम सेना के प्रतिनिधिमंडल ने यूजीसी व एससी/एसटी से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस मौके पर शरद उपाध्य नंदा सहित सवर्ण समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे। ईएमएस / 08/02/2026