क्षेत्रीय
08-Feb-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजा जा रहा है। यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 09 फरवरी सोमवार को शाम 07.30 बजे छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। बताया जा रहा है कि सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को सोमवार को शाम 06.30 बजे तक छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन में उपस्थित होना होगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा यात्रियों को स्टेशन तक लाने एवं विशेष ट्रेन में बैठाने की समस्त व्यवस्था एवं दायित्व आयुक्त नगर पालिक निगम तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सौंपे गये हैं। डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मेहरा ने बताया कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति, जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा पैन कार्ड में से कोई एक, अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। नियत तिथि एवं समय पर विशेष ट्रेन छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिये प्रस्थान करेगी। ईएमएस/मोहने/ 08 फरवरी 2026