हाथरस (ईएमएस)। मुरसान क्षेत्र के गारवंडी गांव में दबंगई की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि गांव के एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक और उसकी बहन के साथ मारपीट की, तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और निजी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। घटना 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार वह अपनी बहन कुशमलता के साथ गेंदा फूल के खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने जा रहा था, तभी रास्ते में किशनलाल, आकाश, दिनेश और राजवती ने अपशब्द कहे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि किशनलाल ने कनपटी पर तमंचा रखकर धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने बहन के साथ मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी गाड़ी से कुचलने का प्रयास करते हुए फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस / 08/02/2026