क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में हुए 12 वर्षीय मासूम मयंक हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक के चाचा सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी पिता राजेश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी को राजेश ने अपने भाई सौरभ की मदद से बेटे मयंक की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर में रखे एक संदूक में बंद कर दिया था ताकि घटना छिपी रहे। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राजेश को शक था कि मयंक उसका बेटा नहीं है। इसी संदेह और पत्नी उर्मिला से चल रहे विवाद के चलते उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना मक्खनपुर पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित अभियुक्त सौरभ (37 वर्ष), पुत्र रामकिशन, निवासी जिजौली कस्बा थाना मक्खनपुर को अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क क्षेत्र स्थित नई बस्ती में एबीपी स्कूल के पास से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ईएमएस