राज्य
09-Feb-2026


मानव अधिकार आयोग ने प्रशासन के जवाब पर उठाए सवाल भोपाल (ईएमएस)। मंदिर के सामने से शराब दुकान नहीं हटाने की शिकायत पर मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो अरेरा कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। वे जिला प्रशासन के उस जवाब की जांच करने आए थे, जो आयोग को दिया गया है। आयोग के सदस्य के पहुंचते ही स्थानीय रहवासियों ने हाथों में तख्तियां लेकर शराब दुकान हटाने की मांग की। निरीक्षण के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ठेकेदार को नोटिस देकर कुछ ही दिनों में दुकान हटाई जाएगी। 10 नंबर मार्केट के पास अरेरा कॉलोनी में आर्य समाज मंदिर के ठीक सामने शराब दुकान संचालित हो रही है। स्थानीय रहवासी पिछले एक साल से इसका विरोध कर रहे हैं। आयोग को दिए जवाब में जिला प्रशासन ने कहा कि 100 मीटर के दायरे में कोई “गजट नोटिफाइड” धार्मिक स्थल नहीं है। इसी जवाब को लेकर आयोग सदस्य कानूनगो ने सवाल खड़े किए। कानूनगो ने कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि धार्मिक स्थल के आसपास शराब दुकान नहीं होनी चाहिए। ऐसे में मंदिर को ही न मानना नियमों की आत्मा के खिलाफ है। आयोग सदस्य ने बताया कि निरीक्षण से पहले जिला आबकारी अधिकारी को सूचना दी गई थी, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर कानूनगो ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय निवासी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि जिस भूखंड पर शराब दुकान चल रही है, वह पूरी तरह आवासीय है। वहां शराब दुकान और तिरपाल से ढंका अवैध अहाता संचालित होना मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम 2012 और नगर निगम अधिनियम 1956 का खुला उल्लंघन है।नगर निगम ने नवंबर 2025 में नोटिस जारी कर 10 दिन में व्यावसायिक गतिविधि बंद करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद दुकान चलती रही। रहवासियों का कहना है कि शराब दुकान के कारण इलाके का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। सुदामा नरवरे/9 फरवरी 2026