राज्य
10-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीबी पंत अस्पताल में 256-स्लाइस सीटी स्कैनर, कैथ लैब और आधुनिक न्यूरो आईसीयू का उद्घाटन कर दिल्ली की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती दी। दिल्ली की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को गोविंद बल्लभ में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने वहां 256-स्लाइस स्पेक्ट्रल सीटी स्कैनर, नई कैथ लैब तथा अत्याधुनिक न्यूरो आईसीयू व ऑपरेशन थिएटर कॉम्प्लेक्स जनता को समर्पित किया गया। मुख्यमंत्री का कहना है कि इन सुविधाओं से न केवल दिल्ली के नागरिकों को, बल्कि अन्य राज्यों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि राजधानी के सरकारी अस्पतालों में इस स्तर की अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनें स्थापित की जा रही हैं। सरकार का निरंतर प्रयास है कि दिल्ली के स्वास्थ्य तंत्र को विश्वस्तरीय बनाया जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध इलाज की गुणवत्ता किसी भी निजी अस्पताल से कम न हो। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जीबी पंत अस्पताल में स्थापित 256-स्लाइस सीटी स्कैनर अपनी श्रेणी का अत्यंत आधुनिक उपकरण है और उत्तर भारत में यह पहला ऐसा सीटी स्कैनर है, जिसे किसी सरकारी अस्पताल में स्थापित किया गया है। यह मशीन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, न्यूरोलॉजिकल समस्याओं और एंजियोग्राफी से जुड़ी बीमारियों की त्वरित और सटीक पहचान में सहायक सिद्ध होगी तथा कई मामलों में जीवन रक्षक की भूमिका निभाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/फरवरी/2026