नई दिल्ली (ईएमएस)। जनकपुरी हादसे में मृतक कमल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। जिसमें दम घुटने से मौत और जांघ पर जलने का निशान भी मिले हैं। आगे जांच जारी है। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बाइक सवार की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से हुई इस दुर्घटना में मृतक कमल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार कमल की मौत दम घुटने से हुई और यह मामला एक दुर्घटना बताया गया है। यह हादसा 6 फरवरी की देर रात हुआ था, जिसकी जानकारी अगली सुबह प्रशासन को मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि हादसे के दौरान कमल की बाइक उसके ऊपर गिर गई होगी, जिससे उसकी छाती पर भारी दबाव पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक छाती पर किसी कठोर और भारी वस्तु के गिरने से सांस लेने की प्रक्रिया बाधित हुई। इसके साथ ही मृतक के मुंह और नाक में मिट्टी भर जाने के कारण उसे सांस लेने में दिक्कत हुई और अंततः दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि रिपोर्ट में मौत का सटीक समय स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर मिले जलने के निशान को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार मृतक की दाहिनी जांघ पर पाया गया जलने का निशान मौत के बाद बना हो सकता है। आशंका जताई गई है कि हादसे के बाद काफी देर तक शरीर का एक हिस्सा बाइक के साइलेंसर के संपर्क में रहने से यह निशान बना। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस जलने के निशान का सीधे तौर पर मौत से कोई संबंध नहीं है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/फरवरी/2026