राष्ट्रीय
12-Feb-2026


-पिता-पुत्र पर आरोप है वे स्विट्जरलैंड के बैंक समेत कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी हैं चंडीगढ़,(ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रनिंदर सिंह को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम से जुड़े एक मामले में तलब किया है। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के मुताबिक यह मामला विदेशी संपत्तियों के मालिकाना हक और अवैध लेनदेन से जुड़ा है। पिता-पुत्र पर आरोप है कि वे स्विट्जरलैंड के बैंक खाते समेत कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी हैं। बता दें यह जांच 2016 में आयकर विभाग द्वारा की गई खोजों से शुरू हुई थी, जिसमें विदेशी संस्थाओं के जरिए संचालित संपत्तियों का पता चला था। सूत्रों के मुताबिक ईडी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को गुरुवार को जालंधर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा था, जबकि उनके बेटे रनिंदर सिंह को शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों ने बताया कि अमरिंदर सिंह गुरुवार को पेश नहीं हो पाएंगे क्योंकि उन्हें हाल ही में मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईडी अमरिंदर को पेश होने और अपना बयान दर्ज कराने के लिए एक नई तारीख दे सकती है। यह कदम पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के सितंबर 2025 के आदेश से संबंधित है। हाईकोर्ट ने तब अमरिंदर सिंह और उनके बेटे द्वारा दायर उन याचिकाओं को खारिज कर दिया था, जिनमें उन्होंने आयकर विभाग द्वारा उनके खिलाफ दाखिल आरोप पत्र की जांच करने से ईडी को रोकने का अनुरोध किया था। दोनों पर आरोप है कि वे स्विस बैंक खाते समेत कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी हैं। यह मामला 2011 में फ्रांस सरकार से भारत को प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं से संबंधित है। सिराज/ईएमएस 12फरवरी26