-यात्री पसंदीदा भोजन टिकट बुकिंग के समय या बाद में ऑनलाइन बुक कर सकते हैं नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय रेलवे यात्रियों के खान-पान को और बेहतर बनाने के लिए ई-पैंट्री नाम से एक नई ऑनलाइन भोजन बुकिंग सेवा शुरू की है। यह सुविधा 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्री अपनी पसंद का भोजन टिकट बुकिंग के समय या बाद में ऑनलाइन ही बुक कर सकते हैं और ट्रेन में उनकी सीट पर ही भोजन मिल जाएगा। ई-पैंट्री सर्काविस लक्ष्य यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक, साफ-सुथरा बनाना है। पहले यात्रियों को स्टेशन पर उतरकर खाना खरीदना पड़ता था या वेंडरों पर निर्भर रहना होता था, लेकिन अब इस नई डिजिटल सेवा से टिकट बुक करते समय या बाद में आईआरसीटीसी की वेबसाइट/ऐप पर आप भोजन और पानी को पहले से बुक कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुकिंग के बाद आपको एक मेल वेरीफिकेशन कोड मिलता है, जिसे यात्रा के दिन साझा करने पर भोजन सीधे आपकी सीट पर डिलीवर किया जाता है। यह सेवा उन ट्रेनों के लिए खास है जिनमें टिकट में भोजन शामिल नहीं होता, जिसमें अगर भोजन नहीं मिला तो रिफंड भी मिलता है। ई-पैंट्री सेवा को शुरुआत में 25 प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लागू किया गया है। इसमें ऐसे लंबे रास्तों वाली ट्रेनें शामिल हैं जिनमें यात्रियों को खाने-पीने की जरूरत ज्यादा होती है। जल्द ही अन्य ट्रेनों में भी फीडबैक के आधार पर इसे शुरू किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 12फरवरी26