राष्ट्रीय
12-Feb-2026


-उनके खिलाफ बयान देने या सार्वजनिक करने से रोकने और 20 करोड़ हर्जाने की मांग मुंबई,(ईएमएस)। दिवंगत कारोबारी संजय कपूर की संपत्ति को लेकर चल रहे परिवारिक विवाद में नया मोड़ ले लिया है। संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर ने संजय की बहन मंधीरा कपूर के खिलाफ सिविल मानहानि का मामला दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल किया है। प्रिया ने इस मामले में 20 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि मंधीरा को उनके खिलाफ कोई भी बयान देने या सार्वजनिक करने से रोका जाए। इससे पहले प्रिया कपूर ने मंधीरा कपूर और पॉडकास्टर पूजा चौधरी के खिलाफ दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में मानहानि का मामला दर्ज कराया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रिया का आरोप है कि मंधीरा और पूजा ने सोशल मीडिया, पॉडकास्ट, और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ झूठे, अपमानजनक और व्यक्तिगत हमले वाले बयान दिए हैं। ये बयान उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले हैं और जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश है। यह पूरा विवाद संजय कपूर की मौत के बाद उनकी अरबों की संपत्ति और वसीयत को लेकर हुआ। संजय कपूर की पत्नी अभिनेत्री करिश्मा कपूर से दो बच्चे हैं और दूसरी पत्नी प्रिया से एक बेटा है। परिवार के सदस्यों के बीच संपत्ति के बंटवारे, वसीयत की वैधता और ट्रस्ट से जुड़े मुद्दों पर कोर्ट में कई केस चल रहे हैं। मंधीरा कपूर ने पहले प्रिया पर आरोप लगाए थे कि वह संपत्ति पर पूरा हक जमाना चाहती हैं। प्रिया ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए मानहानि केस दायर किया है। दिल्ली कोर्ट ने पहले आपराधिक मानहानि केस में मंधीरा और पूजा चौधरी को नोटिस जारी किया था। अब सिविल केस में हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। मंधीरा ने पहले इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा था कि उन्होंने कोई झूठ नहीं बोला और मामला सिर्फ पैसे का नहीं बल्कि सच्चाई का है। यह पारिवारिक विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल चुका है, जिसमें मानहानि, संपत्ति बंटवारा और वसीयत के दावे शामिल हैं। सिराज/ईएमएस 12फरवरी26