- संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर देवरी-केसली से सैकड़ों कार्यकर्ता हुईं शामिल देवरी/सागर (ईएमएस)। संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को सागर जिले की देवरी तहसील में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल रैली निकाली। रैली में देवरी एवं केसली क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं।रैली के बाद प्रधानमंत्री के नाम तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने, पेंशन सुविधा लागू करने, अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान करने तथा वेतनमान में वृद्धि करने की मांग की गई।इसके साथ ही पोषण ट्रैकर एप बंद करने, आईसीडीएस के निजीकरण पर रोक लगाने, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने एवं 40 दिन का वार्षिक अवकाश देने सहित कुल 21 मांगें रखी गईं। कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि शासन द्वारा 10 हजार रुपये की दर दर्शाकर दिए गए लोकल मोबाइल फोन गुणवत्ताहीन हैं, जिनसे काम करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने मांग की कि खराब व निम्न गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन बदलकर अच्छे एवं नए फोन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य सुचारू रूप से किया जा सके।रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। निखिल सोधिया/ईएमएस/12/02/2026