क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


रायसेन।जिले में शासकीय अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. एचएन मांडरे ने बाड़ी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के समय डॉ. मांडरे ने अस्पताल में भर्ती एवं ओपीडी में आए मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय व्यवहार की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय पर ड्यूटी और बेहतर उपचार पर जोर.... सीएमएचओ डॉ मांडरे ने स्पष्ट कहा कि सभी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। उन्होंने प्रतिदिन इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध दवाओं का स्टॉक , आवश्यक संसाधनों की स्थिति की समीक्षा भी की। आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश डॉ. मांडरे ने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान भारत कार्ड की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी पात्र नागरिक अभी तक आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं। उनके आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएं ताकि उन्हें नि:शुल्क उपचार योजना का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और दवा वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक हिदायतें दी गईं। सीएमएचओ ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। kishor verma ems raisen